अगर देश पर आंच आएगी, तो जवाब भी मिलेगा…”: पाकिस्तानी ट्रोलर्स और इंडियन मुस्लिम एक्टर्स पर फलक नाज का करारा प्रहार
एक्ट्रेस और बिग बॉस की पूर्व कंटेस्टेंट फलक नाज इन दिनों एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। वजह है उनका वो वीडियो, जिसमें उन्होंने न सिर्फ पाकिस्तानी ट्रोलर्स को लताड़ा, बल्कि उन भारतीय मुस्लिम एक्टर्स को भी घेरा जो देश के संकट के समय चुप्पी साधे बैठे हैं। फलक का यह वीडियो वायरल हो चुका है और बड़ी संख्या में लोग उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। लेकिन यह मामला यहीं नहीं थमा, अब उन्होंने एक और पोस्ट में दो टूक शब्दों में सबको जवाब दे दिया है — “अगर देश पर आंच आएगी, तो जवाब भी मिलेगा।”
यह पूरा मामला 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ, जब भारतीय सेना ने इसका करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। ऑपरेशन ‘सिंदूर’ को लेकर पूरे देश में चर्चा और समर्थन देखने को मिला। लेकिन, कई बॉलीवुड सेलेब्स, खासकर मुस्लिम कलाकार, इस पर चुप रहे। इस बात से फलक नाज काफी आहत नजर आईं और उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए अपने fellow मुस्लिम एक्टर्स की चुप्पी पर सवाल उठाया।
वीडियो में फलक कहती हैं कि वह खुद को रोक नहीं पाईं, जब उन्होंने देखा कि उनके जैसे कई इंडियन मुस्लिम एक्टर्स इस मुद्दे पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब वक्त है जब हर किसी को स्पष्ट रूप से देश के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और लोगों ने फलक की तारीफ की।
हालांकि, उनके इस स्टैंड के बाद पाकिस्तानी यूज़र्स और कुछ ट्रोलर्स ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस पर अब फलक ने दोबारा प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर मैसेजेस की भरमार के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा — “बदलाव खुद से नहीं आता, बदलाव लाना पड़ता है। बहुत शुक्रिया इस प्यार के लिए।” साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के सीजफायर उल्लंघन से जुड़ी एक पोस्ट को भी री-शेयर किया और लिखा — “अब आओ मैसेज और कमेंट सेक्शन में ज्ञान बांटने और गालियां बकने। कहां गए अमन और शांति का नारा लगाने वाले? ये ही चिल्ला-चिल्लाकर बोल रहे हैं हम कि अगर हमारे घर, हमारे देश पर आंच आएगी, तो जवाब में वही मिलेगा जो दोगे। जय हिंद।”
फलक नाज का यह बयान उन तमाम लोगों को एक सीधा संदेश है जो देश के खिलाफ बोलने वालों का समर्थन करते हैं या फिर देश पर संकट के समय चुप रहते हैं। उनके तेवर और बातें यह साफ कर रही हैं कि देशभक्ति की भावना किसी धर्म से नहीं, बल्कि सोच और हिम्मत से जुड़ी होती है।
Share this content:
