भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद ट्रंप ने कश्मीर के समाधान का संकेत दिया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर उन्हें तबाह कर दिया था। भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में ड्रोन से हमले की कोशिश की, जिसे भारतीय डिफेंस सिस्टम ने हवा में नष्ट कर दिया था। पाकिस्तान की कायराना हरकत का भारत ने पाकिस्तान के चार एयरबेसों को निशाना बनाकर करारा जवाब दिया। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया और स्थिति नाजुक हो गई।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 11 मई को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों ने सीजफायर के लिए तत्काल सहमति दी है। शनिवार को हुए सीजफायर के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर ड्रोन भेजने की कोशिश की, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। ट्रंप ने कहा कि इस समझौते के पीछे उनकी बड़ी भूमिका रही है, और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भारत और पाकिस्तान के नेताओं से बातचीत की थी, जिसके बाद सीजफायर पर सहमति बनी।
अब ट्रंप ने एक और पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने दोनों देशों के मजबूत नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने लिखा, “मुझे भारत और पाकिस्तान के मजबूत और अडिग नेतृत्व पर बहुत गर्व है।” इस ट्वीट में ट्रंप ने कश्मीर के समाधान के संभावित रास्ते का भी संकेत दिया, जिससे दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की उम्मीद जताई गई है।
Share this content:
