सिंदूर के बाद भारत का पाकिस्तान पर प्रहार, एयर डिफेंस सिस्टम तबाह, 50 से ज्यादा ड्रोन किए निष्क्रिय
भारत ने 7 मई की आधी रात को पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान के भीतर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस सर्जिकल हमले के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है और लगातार भारत के खिलाफ हमलों की साजिश रच रहा है। पाकिस्तान ने जम्मू, गुजरात और राजस्थान सहित कई सीमावर्ती राज्यों को टारगेट करने की कोशिश की, लेकिन भारत ने उसकी हर साजिश को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना ने अपने अत्याधुनिक S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की मदद से पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल हमलों को हवा में ही मार गिराया। इतना ही नहीं, भारत ने पाकिस्तान के लाहौर में स्थित एयर डिफेंस सिस्टम को भी ध्वस्त कर दिया है।
भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि 8 और 9 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमा पर कई ड्रोन और अन्य हथियारों के जरिए हमले करने की कोशिश की, जिसमें जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन भी शामिल था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 50 से अधिक ड्रोन मार गिराए, जो जम्मू, अखनूर, नगरोटा, सांबा और पठानकोट जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को निशाना बनाने की कोशिश में थे। सेना ने एक आधिकारिक पोस्ट के जरिए बताया कि सभी हमलों को प्रभावी ढंग से निष्क्रिय कर दिया गया है और पाकिस्तान को हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। पोस्ट में सेना ने हमले के दौरान गिराए गए ड्रोन का एक वीडियो भी साझा किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि भारत किसी भी आतंकी या सैन्य हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा और हर बार पूरी ताकत से जवाब देगा।
Share this content:
