April 25, 2026

IPL 2025: हैदराबाद के किले में दिल्ली की दस्तक, क्या SRH ले पाएगी पिछली हार का बदला? हेड-टू-हेड में मामूली बढ़त

IPL 2025 का रोमांच चरम पर है और अब बारी है 55वें मुकाबले की, जिसमें आमने-सामने होंगी सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स। यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच का नहीं, बल्कि पिछली हार का हिसाब चुकता करने और प्लेऑफ की उम्मीदों को बचाए रखने की जंग भी है। दिल्ली और हैदराबाद दोनों ही इस वक्त पॉइंट्स टेबल में अलग-अलग हालात से जूझ रही हैं, लेकिन इस मैच में दोनों के इरादे एक जैसे हैं – जीत।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाला यह मैच SRH के घरेलू मैदान पर होगा, जहां टीम को अपने फैंस के सामने पिछले मैच की 38 रन की करारी हार को भुलाकर वापसी करनी होगी। गुजरात टाइटन्स से मिली इस हार ने SRH की प्लेऑफ की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया है। 10 में से सिर्फ 3 जीत के साथ SRH फिलहाल 6 अंकों के साथ तालिका में नीचे है, और अब उन्हें अपने बचे हुए चार में से दो मुकाबले घर में खेलने हैं। ऐसे में टीम की कोशिश रहेगी कि घरेलू मैदान पर अधिक से अधिक जीत दर्ज कर सीजन का सम्मानजनक अंत किया जाए।

वहीं दूसरी ओर अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की नजरें प्लेऑफ में पहुंचने पर टिकी हैं। DC ने अब तक 10 में से 6 मैच जीते हैं और 12 अंकों के साथ वह पांचवें स्थान पर बनी हुई है। हालांकि, दिल्ली की टीम को पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, और वे किसी भी कीमत पर तीसरी लगातार हार नहीं झेलना चाहेंगे। घरेलू मैदान पर DC का प्रदर्शन इस सीजन निराशाजनक रहा है – टीम को 4 में से सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है। लेकिन विपक्षी मैदानों पर दिल्ली ने अपेक्षाकृत बेहतर खेल दिखाया है, और हैदराबाद के खिलाफ भी वह इसी सिलसिले को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

अब अगर बात करें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की, तो SRH और DC के बीच IPL इतिहास में अब तक 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से SRH ने 13 बार जीत हासिल की है, जबकि DC ने 12 बार बाजी मारी है। हालांकि, पिछली 5 भिड़ंतों की बात करें तो दिल्ली का पलड़ा भारी रहा है – उसने 3 मैच जीते हैं जबकि हैदराबाद को सिर्फ 2 में जीत मिली है।

दिलचस्प यह भी रहेगा कि दिल्ली अपनी जीत की लय फिर से पाने की कोशिश करेगी, जबकि हैदराबाद अपने घर में सम्मान की लड़ाई लड़ते हुए मैदान में उतरेगी। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका की दौड़ का नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और बदले की भावना से भरा एक रोमांचक टकराव बनने जा रहा है। अब देखना होगा कि क्या SRH पिछली हार का बदला ले पाएगी या दिल्ली एक और जीत के साथ प्लेऑफ की ओर कदम बढ़ाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!