April 26, 2026

GT vs SRH: अहमदाबाद की पिच पर कौन दिखेगा हावी, जानें कैसा रहेगा मुकाबले में विकेट का मिज़ाज

आईपीएल 2025 के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम 2 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। यह मैच दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है। गुजरात की टीम ने सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप पर जगह बनाई थी, लेकिन अब नौ मैचों में छह जीत के साथ वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन निराशाजनक रहा है। उन्होंने अब तक नौ मुकाबलों में सिर्फ तीन ही जीते हैं और फिलहाल नौवें पायदान पर हैं। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो की तरह हो गया है।

अहमदाबाद की पिच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की यह पिच आमतौर पर बल्लेबाज़ों के लिए मुफीद मानी जाती है, लेकिन शुरुआत में तेज़ गेंदबाज़ों को थोड़ी मदद मिल सकती है। यहां औसतन स्कोर 180 से 190 रनों के बीच देखा गया है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को 200 रनों का लक्ष्य रखना चाहिए, ताकि ओस की स्थिति में विपक्षी टीम पर दबाव बनाया जा सके। इस मैदान पर अब तक आईपीएल के कुल 39 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को 18 बार जीत मिली है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 21 मुकाबले जीते हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि टॉस जीतने वाली टीम परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही फैसला करेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!