April 26, 2026

मुकेश अंबानी की बड़ी भविष्यवाणी, कहा भारत बनेगा ग्लोबल एंटरटेनमेंट हब, पहलगाम हमले पर भी दिया बयान

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) 2025 में एक साहसिक भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भारत को मीडिया और मनोरंजन का वैश्विक केंद्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि भारत अपनी मजबूत कहानी कहने की परंपरा, विशाल आबादी और उन्नत तकनीकी क्षमताओं के चलते अगले दशक में इस उद्योग में चार गुना वृद्धि कर सकता है। वर्तमान में लगभग 28 अरब डॉलर के इस बाजार को 100 अरब डॉलर से भी ऊपर ले जाने की संभावना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक अग्रणी डिजिटल राष्ट्र बन गया है।

मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी कहानियों की परंपरा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और 1.2 बिलियन मोबाइल उपभोक्ताओं की शक्ति है, जो इस देश को वैश्विक मनोरंजन मंच पर नेतृत्व की स्थिति में ला सकती है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि AI आज मनोरंजन के क्षेत्र में वही कर रहा है, जो एक सदी पहले साइलेंट कैमरा ने किया था, लेकिन उससे कहीं अधिक बेहतर तरीके से। उन्होंने बताया कि जियो ने हाई-स्पीड डेटा को सस्ता और सुलभ बनाकर भारत में डिजिटल क्रांति को आगे बढ़ाया है और अब 5G इंफ्रास्ट्रक्चर को जल्द ही 6G में बदलने की योजना है।

अंबानी ने यह भी बताया कि जियोहॉट की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई है कि भारत और विदेश की श्रेष्ठ प्रतिभाएं एक मंच पर आ सकें। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने दर्शकों की संख्या के रिकॉर्ड तोड़े हैं, आईपी स्ट्रीमिंग में क्रांति लाई है और इमर्सिव, बहुभाषी तथा इंटरैक्टिव मनोरंजन के वैश्विक मानकों को फिर से परिभाषित किया है। डिज्नी के साथ जियो की साझेदारी को उन्होंने डिजिटल स्टोरीटेलिंग के नए युग की शुरुआत बताया।

मुकेश अंबानी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे पास रामायण, महाभारत और लोक कथाओं जैसी कालातीत कहानियों का एक अनमोल खजाना है, जो दुनिया के हर कोने में लोगों के दिलों को छूने की ताकत रखते हैं। उन्होंने जोर दिया कि भारत की कहानी कहने की ताकत का मुकाबला कोई भी देश नहीं कर सकता।

हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए अंबानी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घटनास्थल पर आने को एक साहसिक संदेश बताया। उन्होंने कहा कि शांति, न्याय और मानवता के दुश्मनों के खिलाफ इस लड़ाई में 145 करोड़ भारतीय प्रधानमंत्री के साथ हैं और भारत की जीत तय है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!