मंगलुरु में हिंदू एक्टिविस्ट सुहास शेट्टी की हत्या से तनाव, 6 मई तक निषेधाज्ञा लागू
कर्नाटक के मंगलुरु में हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की बेरहमी से हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। गुरुवार शाम को 5-6 हमलावरों ने बीच सड़क पर धारदार हथियारों से सुहास पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत ए.जे. अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हमला उस वक्त हुआ जब सुहास अपने साथियों के साथ एक वाहन में यात्रा कर रहा था। हमलावर स्विफ्ट और पिकअप वाहन से आए थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मंगलुरु सिटी पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी होगी।
सुहास शेट्टी फाजिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। फाजिल वही व्यक्ति था, जिसे 2022 में हिंदू कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारु की हत्या के बाद सूरतकल में मारा गया था। सुरक्षा को देखते हुए मंगलुरु में 6 मई तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। सुहास के अंतिम संस्कार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच जिलों के SP की विशेष तैनाती की गई है और करीब 1000 पुलिसकर्मी व KSRP की 22 टुकड़ियाँ तैनात की गई हैं। प्रशासन ने अंतिम यात्रा में जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन कुछ हिंदू संगठनों ने इसकी मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाता है और उन्होंने सरकार से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने घायल अन्य हिंदू कार्यकर्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
Share this content:
