IPL 2025 Playoff Scenario: बारिश ने KKR का तोड़ा सपना, अब ऐसे प्लेऑफ में पहुंच सकती है टीम
कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। यह मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बेहद अहम था, क्योंकि टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत की सख्त जरूरत महसूस कर रही थी। इस मुकाबले में KKR को एक अंक से संतोष करना पड़ा। अब उनके 9 मैचों में 7 अंक हैं। टीम को अब अपने बचे हुए 5 मुकाबले जीतने होंगे ताकि वह प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सके।
शनिवार को कोलकाता की टीम अपने घरेलू मैदान पर पंजाब के खिलाफ इस सीजन की पिछली शर्मनाक हार का बदला लेने के इरादे से उतरी थी। 15 अप्रैल को खेले गए पिछले मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111 रन बनाए थे और फिर युजवेंद्र चहल की शानदार गेंदबाजी के दम पर कोलकाता को 95 रन पर समेट दिया था। उस मुकाबले में कोलकाता को 16 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जो टीम की प्लेऑफ की उम्मीदों को झटका देने वाला साबित हुआ था। इस बार भी कोलकाता ने बेहतर शुरुआत करने की कोशिश की थी, लेकिन बारिश ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया।
पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 201 रन बनाए थे। कोलकाता की पारी की शुरुआत हुई थी और 1 ओवर में टीम ने 7 रन बनाए थे, तभी अचानक बारिश आ गई। भारी बारिश के चलते अंपायरों को मैच रद्द करने का फैसला करना पड़ा और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
अब प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने कठिन रास्ता है। टीम के अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो 9 मैचों में उसे 3 जीत, 5 हार मिली है और एक मैच का नतीजा नहीं निकला है। IPL 2025 के लीग स्टेज में उनके अभी 5 मुकाबले बाकी हैं। अगर टीम इन सभी पांच मुकाबलों में जीत दर्ज करने में सफल रहती है, तो उसके खाते में कुल 17 अंक हो जाएंगे। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए आमतौर पर 16 अंक जरूरी माने जाते हैं। ऐसे में 17 अंक के साथ कोलकाता की दावेदारी मजबूत हो सकती है। हालांकि, अगर टीम एक भी मैच हारती है तो फिर उसे अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। कोलकाता के लिए अब हर मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है और टीम को लगातार दमदार प्रदर्शन करना ही होगा।
Share this content:
