कपिल सिब्बल की पीएम मोदी को सलाह: संसद में विशेष सत्र बुलाकर पहलगाम हमले पर प्रस्ताव पारित किया जाए
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को एक अहम सलाह दी। सिब्बल ने कहा कि प्रधानमंत्री को संसद का विशेष सत्र बुलाना चाहिए, जिसमें सभी दलों का एकमत होकर प्रस्ताव पारित किया जाए, ताकि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश की भावनाओं को पूरी दुनिया के सामने रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस हमले के प्रति देश का पूरा समर्थन सरकार के साथ है और इस मुद्दे पर एकता दिखाई जानी चाहिए।
सिब्बल ने आगे कहा, “एक आतंकी, आतंकी होता है, उसका कोई धर्म नहीं होता। इसलिए हमें इस हमले के खिलाफ पूरी दुनिया में आवाज़ उठानी चाहिए।” उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सत्तापक्ष और विपक्ष के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल अफ्रीका, अमेरिका, यूरोप, चीन, जापान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, रूस और दक्षिण अमेरिकी देशों में भेजा जाए, ताकि इन देशों को इस आतंकी घटना के बारे में बताया जा सके और कूटनीतिक दबाव बनाया जा सके।
सिब्बल ने कहा, “अगर हम यह कदम नहीं उठाएंगे तो हम कूटनीतिक दबाव नहीं बना पाएंगे। हमें इन देशों को बताना होगा कि अगर वे पाकिस्तान के साथ व्यापार करेंगे तो हम उनके साथ व्यापार नहीं करेंगे।” इसके अलावा, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और सुरक्षा परिषद से भी इस मुद्दे पर सक्रिय कदम उठाने का आह्वान किया।
22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित लश्कर-ए-तैयबा के संगठन टीआरएफ के आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक संबंध कम कर लिए और सिंधु जल समझौता भी स्थगित कर दिया। भारत ने पाकिस्तान के उच्चायुक्त को एक हफ्ते में देश छोड़ने का आदेश दिया और भारतीय सेना को भी अलर्ट कर दिया।
Share this content:
