April 19, 2026

चेपॉक स्टेडियम में आज होगा CSK vs SRH मुकाबला: जानिए पिच और मौसम का हाल, प्लेइंग 11 और आंकड़े

आईपीएल 2025 का 43वां मैच आज चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा क्योंकि दोनों टीमों की स्थिति अंक तालिका में बेहद खराब है। चेन्नई और हैदराबाद दोनों ही अब तक 8-8 मैच खेल चुकी हैं और 6-6 मुकाबलों में हार झेल चुकी हैं। ऐसे में आज जो टीम हारेगी, उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो जाएगी।

अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 21 मुकाबले हुए हैं जिनमें से 15 बार चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत हासिल की है जबकि 6 बार सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिली है। सीएसके ने हैदराबाद के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 223 रन बनाया है जबकि एसआरएच का सीएसके के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 192 रन है।

चेपॉक स्टेडियम की पिच हमेशा से ही गेंदबाजों, खासकर स्पिनर्स के लिए मददगार रही है। हालांकि इस सीजन में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने वाली टीमों को फायदा मिला है। दिन में पिच बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण रहती है जबकि शाम को दूधिया रौशनी में गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आती है जिससे स्ट्रोक खेलना आसान हो जाता है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी का विकल्प चुनना समझदारी होगी।

चेपॉक स्टेडियम में आईपीएल के अब तक 89 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 51 बार और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को 38 बार जीत मिली है। टॉस जीतने वाली टीम को 45 बार और हारने वाली टीम को 44 बार जीत मिली है। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 246/5 है जो सीएसके ने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था। मुरली विजय ने 2010 में 127 रन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली थी। वहीं गेंदबाजी में मुंबई इंडियंस के आकाश मधवाल का 5/5 का स्पेल इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ रहा है। सबसे बड़ा रन चेज 201 रन का है जो पंजाब किंग्स ने 2023 में सीएसके के खिलाफ किया था।

आज के मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 भी सामने आ चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शेख रशीद, रचिन रवींद्र, आयुष म्हात्रे, रवींद्र जड़ेजा, शिवम दुबे, विजय शंकर, जेमी ओवरटन, एमएस धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना और आर अश्विन को मैदान में उतरते देखा जा सकता है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा और राहुल चाहर के साथ उतर सकती है।

मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि हल्के बादल छाए रह सकते हैं। तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में दर्शकों को उमस और गर्मी का अनुभव हो सकता है, लेकिन मैच के प्रभावित होने की कोई आशंका नहीं है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!