April 17, 2026

मॉडर्न लाइफस्टाइल से नाराज़ पति ने पत्नी को मारी गोली, शाहजहांपुर में नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे की करतूत

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर पंचायत अध्यक्ष मुनारा बेगम के बेटे नन्हे ने अपनी पत्नी निगार उर्फ रीना को दिनदहाड़े गोली मार दी। यह घटना कांट नगर पंचायत कस्बे की है। बताया जा रहा है कि नन्हे को अपनी पत्नी का मॉडर्न रहन-सहन पसंद नहीं था और इसी को लेकर वह उस पर शक करने लगा था। शक इतना बढ़ गया कि उसने 12 बोर की बंदूक से पत्नी पर फायरिंग कर दी, जिससे महिला के पेट और हाथ में गोली लगी।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और गंभीर रूप से घायल निगार को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह भी जानकारी मिली है कि दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी और निगार का रहन-सहन आधुनिक था, जिसे लेकर नन्हे लगातार परेशान और शक्की हो गया था।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि यह घरेलू विवाद का मामला है। आरोपी नन्हे को हिरासत में ले लिया गया है और उस पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!