April 17, 2026

यूपी एटीएस ने खालिस्तान कमांडो फोर्स के 30 साल से फरार आतंकी मंगत सिंह को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एटीएस ने खालिस्तान कमांडो फोर्स से जुड़े कुख्यात आतंकी मंगत सिंह उर्फ मंगा को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। मंगत सिंह पिछले 30 वर्षों से फरार चल रहा था और गाजियाबाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसकी गिरफ्तारी एटीएस की नोएडा यूनिट द्वारा खुफिया सूचना के आधार पर की गई। मंगत सिंह के खिलाफ 1993 में गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में टाडा (TADA) एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।

उसे 1995 में जमानत मिल गई थी, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया और लगातार अपनी पहचान छिपाकर देश के विभिन्न हिस्सों में छिपता रहा। हाल ही में एटीएस को सूचना मिली कि मंगत सिंह अमृतसर में छिपा हुआ है। इसी आधार पर टीम ने वहां छापा मारा और उसे दबोच लिया।

फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पिछले तीन दशकों में वह किन लोगों के संपर्क में रहा और क्या वह किसी आतंकी गतिविधि में शामिल था। मंगत सिंह का सीधा संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स से रहा है। उसका भाई संगत सिंह भी इसी संगठन से जुड़ा था, जिसे 1990 में पंजाब पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया था। मंगत सिंह पिछले कई वर्षों से अमृतसर में अपनी पहचान और ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!