इस्तांबुल में 6.2 तीव्रता का भूकंप, दहशत में 151 लोग घायल, एक इमारत क्षतिग्रस्त
तुर्की के इस्तांबुल में बुधवार, 23 अप्रैल 2025 को दोपहर बाद 3:30 बजे आए 6.2 तीव्रता के भूकंप ने शहर में दहशत फैला दी। इस्तांबुल के गवर्नर कार्यालय के अनुसार, इस भूकंप में घबराहट के चलते बिल्डिंग से कूदने या भागने की कोशिशों में 151 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गवर्नर कार्यालय ने बताया कि पूरे शहर में फतिह जिले की एक इमारत को छोड़कर अन्य कोई भी आवासीय इमारत नहीं गिरी है। ऊर्जा आपूर्ति, प्राकृतिक गैस, पेयजल और सीवेज व्यवस्था पर भी भूकंप का कोई असर नहीं पड़ा, जिससे जनजीवन सामान्य बना हुआ है। भूकंप की तीव्रता के चलते लोग घरों से बाहर निकलकर पार्कों, स्कूल के मैदानों और खुले स्थानों पर जमा हो गए। कई लोगों ने डर के कारण पार्कों में अस्थायी टेंट लगा लिए हैं।
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यिप एर्दोगान ने राष्ट्रीय संप्रभुता एवं बाल दिवस के कार्यक्रम में भूकंप की जानकारी साझा करते हुए कहा कि “भगवान का शुक्र है कि फिलहाल कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है।” राष्ट्रपति को इस संबंध में इस्तांबुल के गवर्नर से जानकारी दी गई है। वहीं तुर्की के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि भूकंप 7 किलोमीटर की गहराई में आया और इसकी अवधि लगभग 13 सेकंड रही।
आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी ने भी पुष्टि की कि भूकंप का केंद्र इस्तांबुल के यूरोपीय हिस्से सिलिवरी जिले के पास मरमारा सागर में स्थित था, जिसकी गहराई लगभग 6.92 किलोमीटर रही। तुर्की भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि यह दो प्रमुख फॉल्ट लाइनों पर स्थित है।
गौरतलब है कि फरवरी 2023 में तुर्की में 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में 53,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और लाखों इमारतें ध्वस्त हो गई थीं। उस समय इस्तांबुल उस त्रासदी से काफी हद तक बच गया था, लेकिन इस ताजा झटके ने एक बार फिर भविष्य की संभावित विनाशकारी घटनाओं को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Share this content:
