कोर्ट में खुद को मृत बताकर घूम रहा था भेष बदले इनामी अपराधी, लखनऊ पुलिस ने दबोचा
लखनऊ के चिनहट इलाके से पॉक्सो एक्ट में वांछित चल रहे एक बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में खुद को मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर कोर्ट में पेश किया और खुद को भेष बदलकर छुपा लिया। मामले में कोर्ट को जब शक हुआ तो डेथ सर्टिफिकेट की जांच कराई गई, जो फर्जी निकला। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया। पुलिस ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और उसकी संपत्ति कुर्क करने की अनुमति भी प्राप्त कर ली।
कड़ी मेहनत और निगरानी के बाद मंगलवार को लखनऊ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बस्ती जिले के हरैया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी सुशील उर्फ रमेश उर्फ सोनू पाठक के रूप में हुई है, जो लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के जयपाल खेड़ा में रह रहा था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान उसने एक जूनियर अधिवक्ता से मुलाकात की और खुद को रमेश का भाई बताते हुए कहा कि रमेश की आकस्मिक मृत्यु हो गई है। इसी झूठे दावे और फर्जी दस्तावेज के सहारे वह लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंकता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।
Share this content:
