बिहार में अपराधियों का तांडव: बीजेपी नेता के घर शराब पार्टी के बाद प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
बिहार के मुंगेर जिले में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। सोमवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनियार चक सिलहा में 35 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर रवीश कुमार उर्फ रावो पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले बीजेपी के एक स्थानीय नेता के घर शराब पार्टी का आयोजन हुआ था, जिसमें रवीश भी शामिल था। पार्टी के बाद जब लोग अपने-अपने घर लौटने लगे, तभी रवीश बाइक पर बैठने ही वाला था कि अचानक पीछे से छोटू मंडल नामक युवक ने उस पर गोली चला दी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, छोटू मंडल और रवीश के बीच पुरानी रंजिश थी, जो इस हमले की वजह मानी जा रही है। गोली लगते ही रवीश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Share this content:
