April 19, 2026

सिर पर टोकरी, साइकिल पर हैवान! – असम से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात

असम के चिरांग ज़िले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर ने अपनी पत्नी की गर्दन काट दी और उसका कटा हुआ सिर साइकिल की टोकरी में रखकर खुद थाने पहुंच गया।

यह खौफनाक वारदात शनिवार, 19 अप्रैल 2025 की शाम को उत्तरी बल्लामगुड़ी इलाके में हुई। आरोपी की पहचान ब्रिटेश हाजोंग के रूप में हुई है, जो बल्लामगुड़ी क्षेत्र में मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार, ब्रिटेश ने अपनी पत्नी बैजयंती हाजोंग (50 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या की।

बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर पर दोनों की बेटियां भी मौजूद थीं। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि आरोपी अकसर पत्नी से झगड़ा करता था और प्रताड़ित करता था। उसी दिन भी दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट दी।

हत्या के बाद ब्रिटेश ने पत्नी का कटा हुआ सिर एक टोकरी में रखा, साइकिल उठाई और सीधे बल्लामगुड़ी पुलिस पेट्रोलिंग पॉइंट पहुंच गया। वहां उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए पत्नी का सिर सौंप दिया। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली, जिसे अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

चिरांग के पुलिस अधीक्षक अक्षत गर्ग और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मिरेखा शर्मा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया गया है और बेटियों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। यह वारदात न केवल हिंसा की भयावहता को उजागर करती है, बल्कि घरेलू कलह की चरम परिणति को भी दिखाती है – जिसमें इंसानियत सिर झुका देती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!