April 19, 2026

रूस-यूक्रेन युद्धविराम की कोशिशें तेज, ट्रंप को रूसी जवाब का इंतजार

पिछले तीन वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर प्रयास जारी हैं। खासतौर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस युद्धविराम के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने उम्मीद जताई कि सप्ताहांत तक यूक्रेन में संभावित युद्धविराम पर रूस की प्रतिक्रिया मिल सकती है। ट्रंप का यह बयान उस समय आया जब रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई। व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि सभी पक्ष एक समझौते के करीब हैं और जल्द ही कोई ठोस घोषणा हो सकती है। रूसी विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि लावरोव ने यूक्रेनी संकट के व्यापक समाधान के लिए अमेरिकी समकक्षों के साथ सहयोग जारी रखने पर सहमति जताई है।

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो, जो इस समय पेरिस में हैं, ने रूस को राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ हुई बैठकों की जानकारी दी। हालांकि, इस प्रयासों के बीच संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रतिनिधि वसीली नेबेन्ज्या ने कहा कि वर्तमान हालात में युद्धविराम अवास्तविक है क्योंकि कीव सरकार ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि रूस ने ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर सीमित युद्धविराम की पहल की थी, लेकिन यूक्रेन ने इसका पालन नहीं किया।

18 मार्च को राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों पक्षों के सामने 30 दिनों तक ऊर्जा ढांचे पर हमले न करने का प्रस्ताव रखा था। इस पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सहमति जताते हुए सेना को आदेश भी दिया, वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बावजूद इसके, 18 मार्च से 16 अप्रैल के बीच यूक्रेन ने 15 क्षेत्रों में रूसी ऊर्जा ठिकानों पर ड्रोन और HIMARS जैसे हथियारों से हमले किए। रूसी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि कीव ने युद्धविराम का पालन नहीं किया और रूस के ऊर्जा क्षेत्र पर हमले जारी रखे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!