April 19, 2026

पाकिस्तान को मार्च में रिकॉर्ड 4.1 अरब डॉलर की रेमिटेंस, एक साल में 33% की बढ़ोतरी

आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए मार्च 2025 में एक राहत भरी खबर सामने आई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक, मार्च में देश को रिकॉर्ड 4.1 अरब अमेरिकी डॉलर की रेमिटेंस प्राप्त हुई है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है। यह पहली बार है जब किसी एक महीने में रेमिटेंस 4 अरब डॉलर की सीमा को पार कर गई है। पिछले साल मार्च में यह आंकड़ा 2.95 अरब डॉलर था, लिहाजा इसमें साल-दर-साल 37 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

स्टेट बैंक के गवर्नर जमील अहमद ने जानकारी दी कि फरवरी 2025 में भी रेमिटेंस 3.12 अरब डॉलर रही थी, जो जनवरी की तुलना में 3.8 प्रतिशत अधिक थी। आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 के पहले नौ महीनों (जुलाई-मार्च) में कुल रेमिटेंस 28.07 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 21.04 अरब डॉलर थी। इस प्रकार इसमें 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

बढ़ती रेमिटेंस से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को बड़ा सहारा मिला है। इससे विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने और आयातकों को तरलता प्रदान करने में मदद मिली है। स्टेट बैंक का अनुमान है कि जून तक विदेशी मुद्रा भंडार 14 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा। हालांकि, पाकिस्तान पर वित्त वर्ष 2025 में कुल 26 अरब अमेरिकी डॉलर का विदेशी ऋण दायित्व है, लेकिन सरकार को उम्मीद है कि इसमें से 16 अरब डॉलर को या तो आगे बढ़ाया जाएगा या फिर रीफाइनेंस किया जाएगा। इससे शुद्ध ऋण भुगतान का दबाव घटकर लगभग 10 अरब डॉलर रह जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!