IPL 2025: SRH vs PBKS मुकाबले में पंजाब की नज़र जीत की हैट्रिक पर, हैदराबाद के लिए करो या मरो का मैच
आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच 12 अप्रैल को हैदराबाद के मैदान पर मुकाबला खेला जाएगा। एसआरएच के लिए अभी तक ये सीजन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहा, वहीं पंजाब किंग्स का प्रदर्शन बेहतर देखने को मिला है। सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2025 का 27वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पैट कमिंस की कप्तानी में खेल रही सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक 5 मैचों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की है। वहीं श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने 4 में से 3 मुकाबले जीते हैं। अब हैदराबाद के खिलाफ भी पंजाब जीत की लय बनाए रखना चाहेगी।
इस मैच की पिच की बात करें तो हैदराबाद के मैदान पर हाल के मैचों में बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी परेशानी हुई है। हालांकि यह पिच सामान्य तौर पर बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर खेले गए 80 आईपीएल मैचों में से 35 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 45 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजयी रही है। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 163 रन रहा है।
अगर हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो सनराइजर्स हैदराबाद का पंजाब किंग्स पर दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें हैदराबाद ने 16 और पंजाब ने 7 मैच जीते हैं। अब देखने वाली बात होगी कि क्या पंजाब इन आंकड़ों को पीछे छोड़ इस बार भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रख पाती है या हैदराबाद वापसी करने में सफल रहती है।
Share this content:
