IPL 2025: GT vs RR – हेड टू हेड में गुजरात का पलड़ा भारी, क्या राजस्थान बदल पाएगी इतिहास?
IPL 2025 में आज का मुकाबला दो दमदार टीमों गुजरात टाइटन्स (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच होने जा रहा है। यह भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी, जहां गुजरात की टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में अपनी पुरानी हारों का हिसाब बराबर करने के लिए बेताब नजर आ रही है।
गुजरात की बैटिंग लाइन-अप में दम
गुजरात की बल्लेबाजी इस सीज़न में काफी मजबूत दिख रही है। शुभमन गिल, जोस बटलर, शेरफेन रदरफोर्ड और बी साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाजों ने टीम को कई बार तेज शुरुआत दिलाई है। पिछले मैच में वाशिंगटन सुंदर ने भी पंजाब के खिलाफ 49 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी, जिससे टीम की बल्लेबाजी की गहराई साफ झलकी।
हालांकि, गेंदबाजी में गुजरात थोड़ी परेशान दिख रही है। अब तक मोहम्मद सिराज और आर साई किशोर ही गेंद से प्रभाव छोड़ पाए हैं, जबकि राशिद खान और ईशांत शर्मा की फॉर्म चिंता का कारण बनी हुई है।
राजस्थान की भी तगड़ी तैयारी
राजस्थान की टीम भी किसी से कम नहीं। कप्तान संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और नितीश राणा जैसे बल्लेबाज शानदार लय में हैं। टीम की बल्लेबाजी इस सीज़न में काफी आक्रामक रही है।
गेंदबाजी में हालांकि राजस्थान की हालत भी कुछ हद तक गुजरात जैसी ही है। संदीप शर्मा को छोड़कर किसी अन्य गेंदबाज ने अब तक बड़ी छाप नहीं छोड़ी है। पिछले मैच में जरूर जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए थे, लेकिन उनका प्रदर्शन इस मैच में भी अहम रहेगा।
GT vs RR: हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन आगे?
अब तक गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच कुल 6 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से गुजरात ने 5 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान सिर्फ 1 मुकाबला ही जीत पाई है। यानी रिकॉर्ड के लिहाज़ से यह टक्कर एकतरफा नजर आती है।
क्या राजस्थान रॉयल्स इस बार इतिहास बदल पाएगी या गुजरात का दबदबा बरकरार रहेगा? इसका जवाब आज के हाईवोल्टेज मैच में मिलेगा।
Share this content:
