April 17, 2026

मेरठ: भूड़बराल गांव में मानसिक तनाव से परेशान किसान ने की आत्महत्या, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, पुलिस कर रही जांच

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के भूड़बराल गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। 25 वर्षीय किसान सोनू ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही परिवार वालों को घटना की जानकारी मिली, घर में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनू पिछले करीब एक साल से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती-बाड़ी का जिम्मा उसी के ऊपर था। छोटे भाइयों के नाम आकाश और रोहित हैं। सोनू की मानसिक स्थिति पिछले कुछ महीनों से लगातार खराब होती जा रही थी, जिसकी वजह से वह चुपचाप रहने लगा था।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने जानकारी दी कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने लिखित में निवेदन दिया कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे मानसिक तनाव के अलावा कोई और कारण तो नहीं था। गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है और आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। पुलिस का कहना है कि यदि कोई और पहलू सामने आता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!