IPL 2025: शार्दुल ठाकुर ने रचा इतिहास, 100 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में हुए शामिल, जहीर खान की बराबरी की
नई दिल्ली। आईपीएल 2025 में शार्दुल ठाकुर ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) की ओर से खेल रहे शार्दुल अब इंडियन प्रीमियर लीग में 100 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान की बराबरी भी कर ली है, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर में 100 मैच खेले थे।
शार्दुल की आईपीएल यात्रा किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। 2025 की नीलामी में उन्हें किसी भी फ्रेंचाइज़ी ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई, लेकिन बाद में लखनऊ सुपरजायंट्स ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया। शार्दुल ने भी इस मौके को पूरी तरह भुनाया और पहले ही मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि उन्हें नज़रअंदाज़ करना बड़ी भूल थी।
ईडन गार्डन्स में रचा गया इतिहास
मंगलवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में KKR और LSG के बीच मुकाबले के दौरान जैसे ही शार्दुल का नाम प्लेइंग इलेवन में आया, वे 100 आईपीएल मैच खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे बेहद कम खिलाड़ियों में से एक हैं।
जहीर खान की बराबरी
जहीर खान ने अपने आईपीएल करियर में 100 मैच खेले थे और 102 विकेट चटकाए थे। अब शार्दुल ठाकुर भी 100 मैच खेल चुके हैं और उनके विकेटों की संख्या भी 100 के पार है। खास बात यह है कि गेंदबाजी के साथ-साथ शार्दुल ने बल्लेबाजी में भी योगदान दिया है। जहां जहीर ने 117 रन बनाए थे, वहीं शार्दुल अब तक 300 से अधिक रन बना चुके हैं।
कई फ्रेंचाइज़ियों का हिस्सा रह चुके हैं शार्दुल
शार्दुल ठाकुर की आईपीएल यात्रा काफी विविधतापूर्ण रही है। LSG से पहले वे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), किंग्स इलेवन पंजाब और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। मौजूदा सीजन में वे अब तक चार मैचों में सात विकेट झटक चुके हैं और बल्ले से भी उपयोगी योगदान दे रहे हैं।
“लॉर्ड शार्दुल” नाम यूं ही नहीं मिला
शार्दुल ठाकुर अपने हरफनमौला प्रदर्शन से लगातार यह साबित कर रहे हैं कि वे किसी भी टीम के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं। यही वजह है कि फैंस उन्हें मज़ाकिया लेकिन सम्मानजनक अंदाज़ में “लॉर्ड शार्दुल” कहते हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आईपीएल 2025 के अंत तक वे कितने और रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं और किन बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हैं।
Share this content:
