गाजीपुर की सन्न कर देने वाली वारदात: महिला के गले में साड़ी से कसकर दबाया, फिर चाकू से रेत दिया… तीनों आरोपियों के इरादे थमने का नाम नहीं ले रहे थे”
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। करंडा थाना क्षेत्र के पास एक महिला के साथ गैंगरेप की कोशिश की गई और जब उसने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो दरिंदों ने उसकी साड़ी से गला घोंटकर उसे मारने की कोशिश की। पर इतना ही नहीं… महिला को मरा समझने के बाद आरोपी भाग गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे वापस लौटे और उसका गला चाकू से रेतकर फरार हो गए।
29 मार्च को लहूलुहान हालत में मिली महिला
यह भयावह घटना 29 मार्च को सामने आई, जब करंडा थाना क्षेत्र के करंडा लाल के पास एक महिला गंभीर अवस्था में मिली। उसके गले पर धारदार हथियार के निशान थे, शरीर से साड़ी नदारद थी और वह बेसुध पड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। महिला की हालत इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों ने बिना देर किए उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
पहले चुप रही, फिर खोला रहस्य
महिला की हालत स्थिर होने और बोलने की क्षमता वापस आने पर उसने जो कहानी पुलिस को बताई, वह सुनकर हर कोई सन्न रह गया। महिला ने तीन युवकों के नाम बताए—मोनू, सूरज और श्रवण—जो उसी गांव के निवासी हैं। महिला ने बताया कि वह तीनों के साथ एक रिश्तेदारी में तेरहवीं के कार्यक्रम में गई थी, जहां से लौटते वक्त तीनों ने सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।
चप्पल से किया विरोध, फिर हुआ जानलेवा हमला
महिला ने बताया कि जब उसने एक आरोपी को चप्पल से मारा तो गुस्से में आकर तीनों ने उसकी साड़ी से गला घोंट दिया और मरा समझकर वहां से भाग निकले। लेकिन उनकी हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ दूर जाकर उन्हें यह डर सताने लगा कि महिला अगर बच गई तो उन्हें पहचान लेगी और पुलिस के हवाले कर देगी। इसी डर से उन्होंने पास की दुकान से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और वापस लौटकर महिला का गला रेत डाला।
पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार, तीसरा फरार
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपियों—मोनू बिंद और सूरज बिंद—को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से कड़ी पूछताछ के बाद वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। तीसरे आरोपी श्रवण की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
शराब के नशे में लिया दरिंदगी का फैसला
गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रास्ते में शराब पी और नशे की हालत में महिला पर हमला किया। महिला की साड़ी उसी संघर्ष में उतर गई थी और उसे बिना कपड़ों के छोड़कर भाग निकले थे। जब उन्होंने सोचा कि महिला उन्हें फंसा सकती है, तो उसे पूरी तरह खत्म करने की नीयत से वापस लौटे और चाकू से गला काटकर फरार हो गए।
इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गांव के लोग स्तब्ध हैं कि उनके बीच रहने वाले युवक इतनी क्रूर हरकत कर सकते हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलु की जांच कर रही है और जल्द ही तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की बात कह रही है।
यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में फैले क्रूरता और असंवेदनशीलता के उस चेहरे को भी उजागर करती है, जिसे नशे और हवस ने पूरी तरह ढक लिया है।
Share this content:
