प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रेलर ने मचाई तबाही, 5 की मौत, कई घायल
प्रतापगढ़ के रानीगंज बाजार में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कहर बरपा दिया। पहले कार को टक्कर मारने के बाद असंतुलित ट्रेलर ने ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं, जिनमें से दो की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
मंगलवार शाम बादशाहपुर की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर रानीगंज बाजार में कार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हो गया। भागने की कोशिश में उसने ई-रिक्शा, बाइक और बाजार में खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में श्री माइक्रो फाइनेंस कंपनी रानीगंज के दो कर्मचारियों सुंदरम पांडेय (गोहिया, मिर्जापुर) और रामबाबू (प्रयागराज) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इलाज के दौरान 3 और की मौत
हादसे में नीरज सरोज, विजय सरोज और विशाल गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान बुधवार को प्रयागराज में मौत हो गई।
नीरज सरोज (40) – अधिवक्ता, कायस्थ पट्टी, प्रतापगढ़
पिता रायबरेली में दरोगा हैं।
पत्नी और छोटे भाई-बहन को अकेला छोड़ गए।
विजय सरोज (35) – ई-रिक्शा चालक, रानीगंज
पत्नी और तीन छोटे बच्चों को बेसहारा छोड़ गए।
विशाल गौतम (35) – रिकवरी एजेंट, श्री माइक्रो फाइनेंस कंपनी सब्जी लेने गए थे, मौत हो गई।
नीरज और विजय की गहरी दोस्ती थी। दोनों ई-रिक्शा पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी डंपर ने आकर ई-रिक्शा को रौंद दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में दम तोड़ दिया।
परिवारों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हैं, बच्चों और पत्नियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
Share this content:
