गोमतीनगर कोतवाली पहुंचकर युवक ने कबूली प्रेमिका की हत्या, पुलिस शव तलाशने में जुटी
लखनऊ – राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक खुद थाने पहुंचकर अपनी प्रेमिका की हत्या का दावा करने लगा। आरोपी ने बताया कि उसने हुसड़िया रेलवे लाइन के पास गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी और उसका शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा है। पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां शव तो नहीं मिला, सिर्फ एक दुपट्टा बरामद हुआ।
अब सवाल यह उठता है कि क्या वास्तव में हत्या हुई है या यह सिर्फ आरोपी की गुमराह करने वाली कहानी है? पुलिस हर कोण से जांच में जुटी है और शव की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
सुबह थाने पहुंचकर कहा— “मैंने हत्या कर दी है”
घटना की शुरुआत रविवार सुबह 10:30 बजे हुई, जब बाराबंकी के लखपेड़ा बाग निवासी अमन कश्यप (25) अचानक गोमतीनगर कोतवाली पहुंचा। वहां मौजूद संतरी को उसने बताया, “मैंने एक लड़की की हत्या कर दी है।” यह सुनते ही पुलिसकर्मी हड़बड़ा गए और अमन को तुरंत इंस्पेक्टर के सामने पेश किया गया।
पूछताछ में अमन ने बताया कि वह हुसड़िया के पास रहकर मजदूरी करता है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिसकी उम्र करीब 25 साल थी। दोनों ने साथ में बातचीत की, खाना खाया और फिर साथ ही सो गए।
रेलवे ट्रैक पर साथ निकले, फिर हुआ हादसा
अमन के मुताबिक, सुबह जब उनकी नींद खुली तो युवती ने कहा कि उसे बाराबंकी जाना है। लेकिन अमन के पास पैसे नहीं थे, इसलिए वे रेलवे लाइन के रास्ते पैदल ही निकल पड़े। हुसड़िया क्रासिंग से कुछ दूर पहुंचते ही युवती अचानक रुक गई और अमन का गला दबाने लगी।
अमन ने बताया कि वह काफी देर तक छटपटाता रहा, लेकिन किसी तरह खुद को छुड़ा लिया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने युवती के दुपट्टे से ही उसका गला घोंट दिया। युवती तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़ी। अमन को लगा कि युवती मर चुकी है, इसलिए डर के कारण वह भाग निकला।
शव नहीं मिला, सिर्फ पड़ा था दुपट्टा
पुलिस ने अमन को लेकर हुसड़िया रेलवे क्रासिंग के पास जांच की, लेकिन वहां युवती का शव नहीं मिला। सिर्फ एक दुपट्टा पड़ा हुआ मिला, जिससे अमन के बयान पर संदेह गहरा गया।
एसीपी गोमतीनगर विनय कृष्ण द्विवेदी के मुताबिक, संभावना है कि युवती बेहोश हो गई थी और अमन उसे मृत समझकर भाग निकला। ऐसा भी हो सकता है कि कुछ देर बाद होश में आने के बाद वह खुद उठकर चली गई हो। हालांकि, पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।
युवती के नाम पर भी संदेह, आरोपी बार-बार बदल रहा बयान
पूछताछ में अमन ने बताया कि युवती का नाम नेहा था। लेकिन कुछ देर बाद उसने उसे जाह्नवी कहना शुरू कर दिया। नामों में यह विरोधाभास पुलिस को और ज्यादा संदेह के घेरे में डाल रहा है।
पुलिस की गहन जांच जारी, कई टीमें शव की तलाश में जुटीं
फिलहाल पुलिस ने अमन को हिरासत में ले लिया है और उसके हर बयान की गहराई से जांच की जा रही है। शव की तलाश के लिए कई टीमों को रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में लगाया गया है।
यह मामला एक रहस्य की तरह बन चुका है— क्या वाकई में कोई हत्या हुई या यह सिर्फ एक झूठी कहानी है? पुलिस जल्द ही इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश में जुटी है।
Share this content:
