April 17, 2026

हत्या की सूचना… शव गायब! गोमतीनगर में युवक के सनसनीखेज दावे से पुलिस हैरान

लखनऊ: रविवार सुबह गोमतीनगर थाने में पहुंचे युवक अमन कश्यप ने जब एक युवती की हत्या करने का दावा किया, तो पुलिस हैरान रह गई। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां शव गायब था!

अमन कश्यप ने खुद किया खुलासा

इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के अनुसार, विभूतिखंड में मधुरिमा स्वीट के पास ओवरब्रिज के नीचे मजदूरी करने वाला अमन कश्यप रविवार सुबह थाने पहुंचा और बताया कि उसने एक युवती की हत्या कर दी है। अमन के मुताबिक, शनिवार शाम उसकी मुलाकात निधि (निवासी: बाराबंकी) से हुई थी। रात में निधि उसके पास ही रुकी, लेकिन सुबह उसने बाराबंकी जाने की बात कही। इसी दौरान हुसड़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास निधि ने अचानक अमन का गला कसना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए अमन ने गमछे से उसका गला दबा दिया, जिससे वह अचेत हो गई। घबराकर अमन वहां से भाग निकला।

पुलिस पहुंची तो शव नहीं मिला!

घटनास्थल से कुछ दूरी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी को अमन ने यह सब बताया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गमछा बरामद कर लिया, लेकिन निधि का शव कहीं नहीं था। पुलिस ने घंटों तलाशी ली, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

हत्या या झूठा दावा? पुलिस उलझी

पुलिस को शक है कि हो सकता है कि निधि सिर्फ बेहोश हुई हो और बाद में होश में आकर वहां से चली गई हो। हालांकि, अमन लगातार गुमराह कर रहा था, जिससे पुलिस को संदेह बढ़ गया है। फिलहाल अमन कश्यप हिरासत में है और पुलिस पूरी घटना की गहराई से जांच कर रही है। क्या सच में हत्या हुई थी या यह सिर्फ एक झूठी कहानी है? पुलिस के लिए यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!