April 19, 2026

कानपुर: प्रेम प्रसंग में 12वीं की छात्रा की नृशंस हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

कानपुर – उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बर्रा इलाके में 12वीं की छात्रा की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी प्रेमी शिवम उर्फ रॉक्सी को पुलिस ने फत्तेपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी बयां की, जिससे यह साफ हुआ कि यह वारदात अविश्वास और गुस्से का नतीजा थी।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता, जो बना खतरनाक मोड़

करीब डेढ़ साल पहले आरोपी शिवम की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए छात्रा से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर दिए और जल्द ही दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। उन्होंने शादी करने की कसमें भी खाईं। इस दौरान छात्रा कई बार शिवम के कमरे पर भी आ चुकी थी। हालांकि, धीरे-धीरे उनके रिश्ते में खटास आने लगी।

मोबाइल में दूसरी लड़कियों की तस्वीरें देख भड़की छात्रा

सोमवार को शिवम छात्रा को लेकर गुंजन विहार स्थित अपने किराए के कमरे में पहुंचा। वहां छात्रा ने उसका मोबाइल देखा, जिसमें उसे अन्य युवतियों के साथ शिवम की तस्वीरें और वीडियो मिले। यह देखकर छात्रा नाराज हो गई और दोनों के बीच बहस होने लगी। बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

जब छात्रा ने शिवम को पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी, तो गुस्से में आकर उसने पहले छात्रा के साथ मारपीट की और फिर सर्जिकल ब्लेड से उसका गला रेत दिया।

हत्या में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड बरामद, आरोपी पहले से कर रहा था साजिश?

डीसीपी साउथ आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल किया गया सर्जिकल ब्लेड आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। इससे यह शक भी गहराता है कि क्या आरोपी ने पहले से इस वारदात की साजिश रची थी?

हत्या के बाद शिवम वहां से फरार हो गया और रिश्तेदारों के घर छिप गया। लेकिन पुलिस की कड़ी निगरानी के चलते उसे फत्तेपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ खौफनाक खुलासा

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा की गर्दन 90% से अधिक कट चुकी थी। गले की सांस नली कट जाने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा, दुष्कर्म की संभावना की जांच के लिए स्लाइड भी बनाई गई है।

आरोपी पर लूट का भी आरोप, बढ़ेगी धाराएं

छात्रा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शिवम उसके गले की सोने की चेन, कान के बाले और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया था। इस पर पुलिस ने बताया कि शिवम के खिलाफ हत्या के साथ-साथ लूट की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।

अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था आरोपी, कोर्ट में होगी पेशी

पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपी शिवम नौबस्ता स्थित नमामि गंगे अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के रूप में काम करता था। हत्या के बाद वह रिश्तेदारों के पास जाकर छिप गया था, लेकिन जैसे ही वह शहर लौटा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है, जहां उसे कड़ी सजा दिलाने के लिए पर्याप्त सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!