हत्या से दहला शाहजहांपुर: हिस्ट्रीशीटर ने बुजुर्ग को मारी गोली, इलाके में सनसनी
शाहजहांपुर में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। लूट, हत्या और अपहरण की वारदातों ने कानून व्यवस्था को पटरी से उतार दिया है। ताजा मामला थाना जलालाबाद क्षेत्र के काजरभोजी गांव का है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी।
रात के वक्त बुजुर्ग आसाराम अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी हिस्ट्रीशीटर सुमेर वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि सुमेर ने तमंचा निकाला और आसाराम के गले में गोली मार दी। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। आरोपी हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
Share this content:
