April 30, 2026

भाजपा नेता की संदिग्ध मौत: बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव, सुसाइड नोट में बड़ा खुलासा!

उत्तर पूर्वी दिल्ली के भाजपा उपाध्यक्ष और पूर्व जोन चेयरमैन ठाकुर अवधेश कुमार ने पार्टी के यमुना विहार स्थित जिला कार्यालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर भजनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया।

सुबह घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे

अवधेश कुमार अपने परिवार के साथ तुकमीरपुर में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सुधा, बेटा संजय और एक बेटी है। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह करीब 7 बजे बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। आशंका है कि वह सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे और वहीं खुदकुशी कर ली।

दरवाजा अंदर से बंद था, पुलिस ने तोड़ा गेट

दिन में करीब 11 बजे भाजपा जिला कार्यालय के नेताओं ने भजनपुरा थाना पुलिस को सूचना दी कि अवधेश कुमार ने खुद को कार्यालय के अंदर बंद कर लिया है और कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो भीतर का नजारा चौंकाने वाला था—आइटी विभाग के कमरे में पंखे से लटका उनका शव मिला।

सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें कर्ज न चुका पाने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी गई थी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, अवधेश कुमार पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में थे।

मामले की जांच जारी

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह किन हालातों से गुजर रहे थे और क्या किसी ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया था। क्या यह सिर्फ कर्ज की वजह से लिया गया कदम था, या इसके पीछे कोई और वजह भी थी? इन सवालों के जवाब के लिए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!