April 17, 2026

महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, 2 महिलाओं की मौत, 23 घायल

महाकुंभ में स्नान करने के बाद नोएडा लौट रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस सोमवार सुबह इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी श्रद्धालु कुंभ स्नान करके हंसी-खुशी अपने घर लौट रहे थे, लेकिन बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 6 बजे, श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर एक डंपर से टकरा गई। इस हादसे में 23 लोग घायल हो गए और दो महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को हाईवे से हटाया और यातायात को सुचारू किया।

घायलों ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सो रहे थे और अचानक एक तेज झटका लगा, जिससे उनकी नींद खुल गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा बस चालक को नींद आने के कारण हुआ।

सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जिसमें से दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि 21 अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉ. सौरभ गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई है, और 14 महिलाएं और 9 पुरुष घायल हुए हैं।

पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हादसे के कारणों पर विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी। फिलहाल, हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ है और स्थिति सामान्य है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!