May 1, 2026

पतंजलि फूड्स का बड़ा ऐलान: 14 अगस्त को आएंगे पहली तिमाही के नतीजे

बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने अपनी पहली तिमाही (Q1 FY26) के नतीजों की तारीख का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने जानकारी दी है कि वह 14 अगस्त 2025 को अप्रैल से जून तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित करेगी। इस दिन कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें नतीजों को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।

 

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में बताया कि नतीजे घोषित होने के 48 घंटे बाद तक ट्रेडिंग विंडो बंद रहेगी। इसका मतलब है कि इस दौरान कंपनी से जुड़े इनसाइडर कोई भी शेयर लेन-देन नहीं कर सकेंगे। यह प्रतिबंध सेबी के इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों और कंपनी की आचार संहिता के अनुरूप लगाया जाएगा।

 

इसके अलावा पतंजलि फूड्स ने निवेशकों के लिए बोनस शेयर का भी ऐलान कर रखा है। कंपनी ने 17 जुलाई को घोषणा की थी कि उसके बोर्ड ने 2:1 के अनुपात में बोनस शेयर देने को मंजूरी दे दी है। यानी अगर किसी निवेशक के पास 1 शेयर है तो उसे 2 बोनस शेयर मिलेंगे। हालांकि अब तक इसकी रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं हुआ है।

 

अगर पिछली तिमाही यानी मार्च 2025 के नतीजों की बात करें तो कंपनी का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा था। पतंजलि फूड्स का नेट प्रॉफिट 76.3% बढ़कर 358.5 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 206.3 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू भी 17.8% की छलांग के साथ 9,692.2 करोड़ रुपये तक पहुंचा था।

 

एबीआईटीडीए (EBITDA) में भी कंपनी ने जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की। बीते साल की तुलना में इसमें 37.1% का इजाफा हुआ और यह 516.2 करोड़ रुपये रहा। बेहतर लागत नियंत्रण और कारोबार के विस्तार की वजह से कंपनी का ऑपरेशनल मार्जिन भी 4.6% से बढ़कर 5.3% हो गया। इन संकेतों से यह उम्मीद की जा रही है कि Q1 के नतीजे भी मजबूत रह सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!