May 4, 2026

कनाडा ने PNP के जरिए PR पाने के नियम किए सख्त, केवल 125 को मिला न्योता, भारतीयों पर बड़ा असर

कनाडा सरकार ने स्थायी निवास (PR) के लिए विदेशियों को दिए जाने वाले प्रोविंशियल नॉमिनी प्रोग्राम (PNP) के चयन को और कड़ा कर दिया है। 10 जून को जारी किए गए नए एक्सप्रेस एंट्री ड्रॉ में केवल 125 आवेदकों को ही आवेदन के लिए आमंत्रित किया गया, जबकि इससे पहले के ड्रॉ में यह संख्या अधिक थी। इस फैसले से सबसे ज़्यादा असर भारतीय आवेदकों पर पड़ने की आशंका है, क्योंकि कनाडा में स्थायी निवास के लिए भारतीयों की संख्या सबसे अधिक है।

इस बार PNP ड्रॉ का न्यूनतम CRS स्कोर 784 रहा, जो पिछले 2 जून के ड्रॉ में निर्धारित 726 के मुकाबले काफी अधिक है। इसके साथ ही टाई-ब्रेकिंग कट-ऑफ 12 सितंबर 2024 से पहले जमा किए गए प्रोफाइल पर लागू हुआ। 2024 में अब तक जून महीने में PNP के तहत केवल 402 निमंत्रण ही जारी किए गए हैं।

क्या है एक्सप्रेस एंट्री और CRS स्कोर सिस्टम
कनाडा का एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम विदेशी नागरिकों को PR के लिए चयनित करने का प्रमुख माध्यम है। यह प्रणाली उम्र, शिक्षा, कार्य अनुभव और अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा में दक्षता के आधार पर Comprehensive Ranking System (CRS) स्कोर तय करती है। उच्चतम स्कोर पाने वालों को ही आवेदन के लिए आमंत्रण (ITA) दिया जाता है।

‘जॉब ऑफर’ पॉइंट्स हटाए गए
25 मार्च 2025 से कनाडा सरकार ने अधिकांश श्रेणियों के लिए ‘जॉब ऑफर पॉइंट्स’ को भी सीआरएस गणना से हटा दिया है। यानी अब नौकरी का प्रस्ताव होने पर भी अतिरिक्त अंक नहीं मिलेंगे, जब तक कि वह किसी विशेष घोषित श्रेणी में न आता हो। इससे कई योग्य आवेदकों के स्कोर पर सीधा असर पड़ा है।

भारतीयों पर कैसा पड़ेगा असर
कनाडा में PR के लिए आवेदन करने वालों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक रही है। पीएनपी श्रेणी में कटऑफ स्कोर में वृद्धि और चयन प्रक्रिया में कठोरता के चलते बड़ी संख्या में भारतीय आवेदक अब चयन से बाहर हो सकते हैं। बिना जॉब ऑफर के उच्च स्कोर हासिल करना पहले ही चुनौतीपूर्ण था और नए नियम इसे और कठिन बना रहे हैं।

इस नए बदलाव से साफ है कि कनाडा सरकार अब केवल उच्च स्कोर और विशिष्ट योग्यता वाले आवेदकों को ही प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में PR के इच्छुक लोगों को अपनी स्कोर रणनीति को नए सिरे से तैयार करना होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!