April 22, 2026

बरेली: दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को दी दर्दनाक यातना, करंट लगाकर किया प्रताड़ित

बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि उसकी बहन की शादी छह साल पहले मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया, लेकिन कुछ ही महीनों बाद ससुरालवालों की मांगें बढ़ने लगीं।

जब महिला ने अतिरिक्त दहेज देने से इनकार किया, तो उसके पति और ससुरालवालों ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पति ने यातना देने के लिए उसे बिजली के करंट तक लगाए और जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डाला।

पीड़िता के भाई के मुताबिक, ससुराल पक्ष दो लाख रुपये नकद, एक अपाचे बाइक और खाने-पीने के सामान की मांग कर रहा था। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा जाने लगा। इतना ही नहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसका देवर भी उसके साथ छेड़छाड़ करता था, और जब उसने इसका विरोध किया, तो पूरे ससुराल ने उसे शारीरिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया।

एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार अपने भाई को आपबीती सुनाई। इसके बाद भाई ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस कर रही जांच, जल्द होगी गिरफ्तारी
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना भमोरा में आरोपी पति, देवर, ननद और बहनोई के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!