April 19, 2026

स्पेस-टेक बना गवर्नेंस का हिस्सा, गगनयान जल्द भरेगा उड़ान – स्पेस डे पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई देते हुए भारत की अंतरिक्ष यात्रा की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ने न केवल वैज्ञानिकों की मेहनत को प्रमाणित किया है, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित भी किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर इतिहास रचा था और उसी उपलब्धि की स्मृति में यह दिन ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, नवाचार और दृढ़ संकल्प ने भारत को वह स्थान दिलाया है, जिस पर आज हर देशवासी गर्व कर सकता है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में भारत की लगातार प्रगति यह दर्शाती है कि हमारे वैज्ञानिक न केवल नई तकनीकें विकसित कर रहे हैं बल्कि इनका उपयोग नागरिकों की जिंदगी आसान बनाने में भी हो रहा है। उन्होंने जोर दिया कि आने वाले समय में गगनयान मिशन भी उड़ान भरेगा और भारत का अपना स्पेस स्टेशन बनाने का सपना भी जल्द साकार होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज स्पेस-टेक केवल विज्ञान तक सीमित नहीं है बल्कि यह गवर्नेंस का अहम हिस्सा बन चुका है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि फसल बीमा योजना में सैटेलाइट आधारित आकलन किया जा रहा है, मछुआरों को समुद्र में सुरक्षा और सही दिशा के लिए सैटेलाइट से जानकारी मिल रही है। इसी तरह आपदा प्रबंधन से लेकर पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान तक में जियोस्पेशियल डेटा का उपयोग किया जा रहा है। यह सब इस बात का सबूत है कि अंतरिक्ष की प्रगति सीधे-सीधे आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ चुकी है।

मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन जैसी नई तकनीकों पर तेजी से काम कर रहा है। इन तकनीकों से भविष्य में न केवल हमारे अंतरिक्ष मिशन और मजबूत होंगे बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की पकड़ और सशक्त होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष की तरह भारत की नीतियों में भी ठहराव नहीं होना चाहिए, इसलिए सरकार ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र पर काम कर रही है।

अपने संदेश के अंत में पीएम मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भी जिक्र किया, जिन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर तिरंगा फहराकर हर भारतीय को गर्व से भर दिया। उन्होंने कहा कि जब शुभांशु ने उन्हें तिरंगा दिखाया, वह क्षण अविस्मरणीय था और शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की यह यात्रा अनंत है और हर उपलब्धि हमें नई ऊंचाई की ओर लेकर जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!