April 30, 2026

Shehnaaz Gill Birthday: म्यूजिक वीडियो से बिग बॉस और बॉलीवुड तक का सफर, संघर्ष, शोहरत और जज़्बे की कहानी

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकीं शहनाज गिल आज अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। पंजाब की कटरीना कैफ के नाम से मशहूर शहनाज गिल ने बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर म्यूजिक वीडियो, रियलिटी शो और फिर बॉलीवुड तक का सफर तय किया है। उनकी मासूमियत, बेबाक अंदाज़ और मजबूत पर्सनैलिटी ने उन्हें लाखों दिलों की धड़कन बना दिया। हालांकि यह सफर जितना चमकदार दिखता है, इसके पीछे उतना ही संघर्ष और दर्द भी छिपा है।

 

पंजाब के अमृतसर में 7 जनवरी 1994 को जन्मीं शहनाज गिल ने महज 21 साल की उम्र में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था। उस समय उनका परिवार इस फैसले के खिलाफ था, जिसके चलते उन्हें घर छोड़ना पड़ा। करियर की शुरुआत आसान नहीं रही। रिश्तों में तनाव, अकेलापन और हालातों की मार ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। खुद शहनाज कई इंटरव्यू में स्वीकार कर चुकी हैं कि एक वक्त ऐसा भी आया, जब उन्होंने सुसाइड तक के बारे में सोचा था। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और खुद को संभालते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया।

 

साल 2015 में शहनाज ने एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतकर पहचान बनाई और इसके बाद पंजाबी म्यूजिक वीडियो ‘शिव दी किताब’ से एक्टिंग डेब्यू किया। धीरे-धीरे ‘माझे दी जट्टी’ और ‘पिंड दियां कुड़ियां’ जैसे गानों से वह पंजाबी इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम बन गईं। लेकिन असली पहचान उन्हें साल 2019 में बिग बॉस 13 से मिली। शो भले ही वह न जीत पाईं, लेकिन उनकी पर्सनैलिटी ने उन्हें इस सीजन की सबसे लोकप्रिय कंटेस्टेंट बना दिया।

 

बिग बॉस के दौरान शहनाज का रिश्ता दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ काफी चर्चा में रहा। शो के बाहर भी दोनों की नजदीकियां बनी रहीं, लेकिन सितंबर 2021 में सिद्धार्थ के निधन ने शहनाज को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दौर में वह लंबे समय तक खुद को लोगों से दूर रखती रहीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को फिर से संभाला और काम पर लौटने का फैसला किया।

 

बिग बॉस के बाद शहनाज के लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुले। सलमान खान के साथ बने खास रिश्ते के चलते उन्होंने फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया। इसके बाद ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ जैसी फिल्मों में नजर आकर उन्होंने यह साबित किया कि वह सिर्फ एक रियलिटी शो स्टार नहीं, बल्कि एक मजबूत कलाकार भी हैं। शहनाज गिल की कहानी आज भी लाखों युवाओं के लिए उम्मीद और हौसले की मिसाल बनी हुई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!