April 17, 2026

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी, निवेशकों में अमेरिकी ट्रेड वॉर और विदेशी निकासी की चिंता!

मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई। वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता और अमेरिकी टैरिफ ऐलान के असर से भारतीय बाजारों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। विदेशी निवेशकों की निरंतर निकासी और अमेरिका के ट्रेड वॉर की आशंकाओं के बीच, मंगलवार को बाजार में गिरावट का रुख बना रहा।

ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू बाजार में पांचवें सत्र में गिरावट रही। बीएसई सेंसेक्स में 201.06 अंकों की गिरावट आई, जिससे यह 77,110.74 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 79.55 अंक गिरकर 23,302.05 अंक पर देखा गया। खबर लिखे जाने तक, सेंसेक्स में 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही थी।

कौन से स्टॉक्स थे सबसे ज्यादा प्रभावित? सेंसेक्स में लिस्टेड 30 कंपनियों में से पावर ग्रिड, जोमैटो, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयरों में सबसे ज्यादा नुकसान देखा गया। हालांकि, इंफोसिस, एचसीएल टेक, मारुति और आईटीसी के शेयरों ने मामूली लाभ दर्ज किया।

ग्लोबल बाजारों में उथल-पुथल चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी गिरावट में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायदे में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे, लेकिन फिर भी वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता की स्थिति बनी रही। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.26 प्रतिशत चढ़कर 76.07 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,463.72 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा।

रुपया भी तनाव में, डॉलर के मुकाबले गिरावट रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 61 पैसे की बढ़त के साथ 86.84 पर पहुंच गया। व्यापार युद्ध की बढ़ती आशंकाओं के कारण वैश्विक मुद्रा बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है, जिससे भारतीय रुपया भी प्रभावित हो रहा है। सोमवार को रुपया 87.45 के स्तर पर बंद हुआ था, और मंगलवार को 86.84 पर खुलने के बाद कुछ राहत दिखाई दी।

इस अस्थिर बाजार माहौल में निवेशकों के लिए यह समय सतर्कता बरतने का है, क्योंकि वैश्विक घटनाक्रम और विदेशी निकासी से बाजार में दबाव बना हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!