सहारनपुर में मकान के लेंटर उठवाते समय बड़ा हादसा, 6 मजदूर मलबे में दबे, 2 की मौत, 4 की हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना घटी, जब मकान का लेंटर उठवाते वक्त 12 मजदूरों के ऊपर भारी लिंटर गिर गया। यह घटना सरसावा थाना इलाके के ढिक्का कला गांव में हुई। बताया जा रहा है कि जलील नामक व्यक्ति अपने पुराने घर का लेंटर ऊंचा करवा रहा था और इसके लिए उसने 12 मजदूरों की मदद ली थी। इस दौरान, ठेकेदार मीरहसन मजदूरों को लेकर मौके पर पहुंचे और घर के नीचे कई जैक लगाए गए थे ताकि लेंटर को उठाया जा सके।
जैसे ही लेंटर को जैक की मदद से उठाया जा रहा था, अचानक एक पुरानी दीवार खिसक गई, और इसके साथ ही पूरा लेंटर भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे के कारण 6 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनते ही गांववाले मौके पर पहुंचे और मलबे के नीचे दबे मजदूरों को निकालने की कोशिश की। गांववालों की मदद से सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान शहजाद और राजेंद्र के रूप में हुई है।
घटना के बाद, 4 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सरसावा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घायल मजदूरों में हसीन, इंतजार, शौकीन और शाजेब शामिल हैं।
इस दुर्घटना में मारे गए शहजाद के बारे में जानकारी मिली है कि वह दो दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ सहारनपुर मजदूरी करने आया था, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि इस काम के दौरान उसकी जान चली जाएगी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और ठेकेदार, घर मालिक के अलावा घायलों से पूछताछ की है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं प्राप्त की है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Share this content:
