April 25, 2026

दहेज की मांग नहीं मानी तो ससुरालवालों ने लगाया जानलेवा इंजेक्शन?”

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की मांग पूरी न करने पर एक महिला को उसके ससुरालवालों ने HIV संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया। इस घटना के बाद महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता के पिता ने जब अदालत का दरवाजा खटखटाया, तो कोर्ट के आदेश पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़िता के परिजन ससुरालवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पीड़िता की शादी 2003 में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के जसवावला गांव में हुई थी। शादी में गाड़ी और नकदी देने के बावजूद, ससुरालवाले स्कॉर्पियो और 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को पहले घर से निकाल दिया गया था, लेकिन पंचायत के हस्तक्षेप के बाद उसे वापस ससुराल भेजा गया। इसके बावजूद, उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा और संक्रमित इंजेक्शन दिए जाने लगे, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

जब महिला की तबीयत ज्यादा खराब हुई, तो जांच में उसे HIV पॉजिटिव पाया गया, जबकि उसके पति की रिपोर्ट नेगेटिव आई। परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने कोर्ट में मामला दायर किया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने महिला के पति और अन्य ससुरालवालों के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है ताकि भविष्य में किसी और महिला के साथ ऐसा न हो।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!