December 7, 2025

RBI का बड़ा ऐलान: SBI, HDFC और ICICI देश के सबसे सुरक्षित बैंक घोषित

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने देश के बैंकिंग सेक्टर से जुड़ा एक बड़ा और भरोसा बढ़ाने वाला फैसला सुनाया है। RBI ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) को एक बार फिर देश के सबसे सुरक्षित बैंकों की श्रेणी में शामिल किया है। इन तीनों बैंकों को D-SIBs यानी ‘डोमेस्टिक सिस्टमिकली इम्पॉर्टन्ट बैंक्स’ की लिस्ट में रखा गया है। यह वही दर्जा है जिसे आम भाषा में “Too Big To Fail” कहा जाता है। इसका मतलब है कि देश की आर्थिक व्यवस्था में इन बैंकों का योगदान इतना बड़ा है कि इन्हें किसी भी हालत में डूबने नहीं दिया जा सकता।

 

RBI की यह घोषणा उन करोड़ों ग्राहकों के लिए राहत की खबर है जिनका खाता इन तीनों बैंकों में है। D-SIB का दर्जा मिलने के बाद इन बैंकों पर सामान्य बैंकों की तुलना में अधिक कड़ी निगरानी होती है और इन्हें ज्यादा पूंजी रिज़र्व रखने के नियमों का पालन करना पड़ता है। इसका सीधा अर्थ यह है कि चाहे आर्थिक संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, ये बैंक अपने ग्राहकों की जमाराशि की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम होते हैं। यही कारण है कि RBI और सरकार इन बैंकों को विशेष निगरानी व मजबूत वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है।

 

दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में केवल सरकारी बैंक ही शामिल नहीं हैं। SBI एकमात्र सरकारी बैंक है, जबकि HDFC और ICICI प्राइवेट सेक्टर से हैं। यह तथ्य उस सामान्य धारणा को भी तोड़ता है कि सिर्फ सरकारी बैंक ही सुरक्षित होते हैं। RBI के अनुसार, इन तीनों बैंकों का आकार, कारोबार और अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका इतनी महत्वपूर्ण है कि इनमें किसी भी तरह की गड़बड़ी का असर शेयर बाजार से लेकर आम उपभोक्ता तक दिखाई देगा। इसलिए इन बैंकों को अतिरिक्त पूंजी बफर रखना आवश्यक है, ताकि किसी आपात स्थिति में उनका संचालन बाधित न हो।

 

RBI ने D-SIB की व्यवस्था 2014 में लागू की थी। 2015 में SBI को इस सूची में स्थान मिला, 2016 में ICICI Bank को जोड़ा गया और 2017 में HDFC Bank को भी इसमें शामिल किया गया। तब से ये तीनों बैंक लगातार इस सूची में बने हुए हैं, जो उनकी वित्तीय मजबूती का प्रमाण है। साथ ही RBI ने उनके लिए अलग-अलग ‘बकेट’ निर्धारित किए हैं—SBI को बकेट 4 में रखते हुए 0.80% अतिरिक्त टियर-1 कैपिटल रखना होगा, HDFC Bank को 0.40% और ICICI Bank को 0.20% अतिरिक्त पूंजी बनाए रखनी होगी। यह नया व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से पूरी तरह लागू हो जाएगी।

 

इन सभी प्रावधानों और नियमों का उद्देश्य बैंकिंग सिस्टम को मजबूत बनाना है ताकि किसी भी संकट की स्थिति में इन बैंकों पर खाता रखने वाले ग्राहकों का पैसा पूर्ण रूप से सुरक्षित रहे। यदि आपका खाता इन तीनों में से किसी बैंक में है, तो RBI का यह फैसला आपके लिए आश्वासन है कि आपके जमा धन को लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Share this content:

About The Author

You may have missed

error: Content is protected !!