May 1, 2026

रणवीर इलाहाबादिया को जान से मारने की धमकियां, मां के क्लीनिक में घुसने की कोशिश; सोशल मीडिया पर दी सफाई

विवादित टिप्पणी के मामले में माफी मांग चुके यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ हाल ही में मामले ने नया मोड़ लिया है। रणवीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए खुलासा किया कि उन्हें अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोग उनकी मां के क्लीनिक में मरीज बनकर घुसने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उनके परिवार को खतरें का सामना हो रहा है।

रणवीर ने अपनी पोस्ट में इस गंभीर स्थिति पर कहा, “मेरी टीम और मैं पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। हम न्यायिक प्रक्रिया का पालन करेंगे और हर जांच में शामिल रहेंगे।” उन्होंने अपनी विवादित टिप्पणी के लिए फिर से माफी मांगी और कहा, “माता-पिता के बारे में की गई मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अनुचित थी। मैं पूरी ईमानदारी से माफी मांगता हूं, और यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है कि मैं खुद को बेहतर बनाऊं।”

रणवीर ने आगे यह भी कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं। “कुछ लोग मेरी मां के क्लीनिक में घुसने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे मुझे डरा हुआ महसूस हो रहा है,” उन्होंने कहा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इन परिस्थितियों से भागने का इरादा नहीं रखते और उन्हें भारतीय पुलिस और न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

रणवीर ने इस से पहले एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर माफी मांगी थी। इस वीडियो में उन्होंने कहा था, “जो मैंने कहा, वह बिल्कुल अनुचित था। यह मजाकिया नहीं था और मैं बिना किसी सफाई के अपनी गलती स्वीकार करता हूं।”

बता दें कि रणवीर इलाहाबादिया ने इंडियाज गॉट लेटेंट शो के एक एपिसोड में माता-पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस विवाद के बाद उनके खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हो चुकी हैं।

हाल ही में जब मुंबई और असम पुलिस उनके घर जांच के लिए पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया। इस विवाद के बढ़ने के बाद शो के होस्ट समय रैना ने भी सफाई दी और कहा कि उनका उद्देश्य केवल मनोरंजन था। साथ ही, उन्होंने बताया कि शो के सभी वीडियो अब डिलीट कर दिए गए हैं।

रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ बढ़ते विवाद और धमकियों के बीच इस मामले में आगे क्या घटनाक्रम होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!