बॉलीवुड में कदम रखे हुए प्रियंका चोपड़ा को करीब 23 साल हो चुके हैं और इस दौरान उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम कर दर्शकों का दिल जीता है। अब एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं, क्योंकि साल 2027 में वह महेश बाबू और एस.एस. राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म का बजट करीब 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इससे पहले आइए नजर डालते हैं प्रियंका चोपड़ा के करियर की उन पांच फिल्मों पर, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई की।
इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘बर्फी’ है, जिसमें प्रियंका ने रणबीर कपूर के साथ काम किया था। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से खूब सराहना मिली थी और इसने दुनियाभर में करीब 175 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। चौथे नंबर पर उसी साल आई ‘अग्निपथ’ है, जिसमें प्रियंका के अपोजिट ऋतिक रोशन नजर आए थे। संजय दत्त जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड करीब 195 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
तीसरे स्थान पर शाहरुख खान के साथ प्रियंका की सुपरहिट फिल्म ‘डॉन 2’ है, जो साल 2011 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने भारत में 108.51 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 210 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, दूसरे नंबर पर संजय लीला भंसाली की भव्य फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ है। साल 2015 में आई इस फिल्म में प्रियंका के साथ दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे और इसने वर्ल्डवाइड करीब 362 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की।
प्रियंका चोपड़ा के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई ‘कृष 3’ रही। इस सुपरहीरो फिल्म में प्रियंका की जोड़ी एक बार फिर ऋतिक रोशन के साथ बनी थी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 244.05 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 374 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रियंका चोपड़ा न सिर्फ अभिनय में, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी एक मजबूत नाम रही हैं।
Share this content: