April 18, 2026

मुंबई: ‘किंग’ फिल्म में दीपिका संग काम करने पर शाहरुख खान का जवाब, बोले- “मैं भी एक्साइटेड हूं”

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। साल 2023 की फिल्म डंकी के बाद शाहरुख ने बड़े पर्दे से ब्रेक लिया था, और अब वह इस प्रोजेक्ट पर पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण नजर आएंगी, जबकि उनकी बेटी सुहाना खान भी लीड रोल में डेब्यू कर रही हैं। हाल ही में शाहरुख ने ‘किंग’ को लेकर सोशल मीडिया पर एक फैन के सवाल का मजेदार जवाब दिया है।

दरअसल, शाहरुख खान ने गुरुवार को एक्स (पहले ट्विटर) पर ‘Ask SRK’ सेशन रखा था। इस दौरान एक फैन ने लिखा, “आपको और दीपिका को फिर से साथ देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं।” इस पर शाहरुख ने हंसते हुए जवाब दिया, “मैं भी हाहा।” इस छोटे से जवाब ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और फैंस ने इसे हजारों बार शेयर किया। दोनों स्टार्स की जोड़ी पहले चेन्नई एक्सप्रेस, हैप्पी न्यू ईयर और पठान जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुकी है।

वहीं, दीपिका पादुकोण ने भी कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर ‘किंग’ में शाहरुख के साथ काम करने की बात की थी। उन्होंने लिखा था कि ‘ओम शांति ओम’ के दौरान शाहरुख ने उन्हें सिखाया था कि फिल्म की सफलता से ज्यादा जरूरी है उसका अनुभव और उसके साथ काम करने वाले लोग। शाहरुख की ‘किंग’ को सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं, जिन्होंने पठान जैसी ब्लॉकबस्टर दी थी। बताया जा रहा है कि फिल्म एक दमदार एक्शन ड्रामा होगी, जिसकी शूटिंग अगले कुछ महीनों में अबू धाबी और यूरोप में की जाएगी। शाहरुख ने वादा किया है कि यह फिल्म दर्शकों के लिए “बहुत मजेदार अनुभव” लेकर आएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!