May 1, 2026

मुंबई: ब्रेकअप के बाद ‘सत्ते पे सत्ता’ में बनने वाली थी अमिताभ-रेखा की जोड़ी, जानें किसने डाली अड़चन

बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और सदाबहार अदाकारा रेखा की जोड़ी 70 के दशक में पर्दे पर खूब छाई रही थी। दोनों ने साथ मिलकर करीब एक दर्जन फिल्मों में काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आई। लेकिन असल जिंदगी में रिश्तों की दरार के बाद यह जोड़ी फिर कभी साथ नहीं दिखी। दिलचस्प बात यह है कि ब्रेकअप के बाद भी फिल्ममेकर्स दोनों को साथ लाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अमिताभ बच्चन ने इस रिश्ते को फिर से स्क्रीन पर नहीं आने दिया।

रेखा और अमिताभ की आखिरी फिल्म 1981 में रिलीज हुई ‘सिलसिला’ थी। इस फिल्म में अमिताभ की पत्नी जया बच्चन भी नजर आई थीं। शूटिंग के दौरान ही रेखा और अमिताभ का रिश्ता टूट गया था। कहा जाता है कि जया बच्चन को दोनों के रिश्ते की भनक लग गई थी और उन्होंने साफ शब्दों में अमिताभ से रेखा से दूरी बनाए रखने को कहा था। इसके बाद बिग बी ने कभी रेखा के साथ काम नहीं किया।

दरअसल, ‘सिलसिला’ के बाद 1982 में बनने वाली फिल्म ‘सत्ते पे सत्ता’ में मेकर्स चाहते थे कि रेखा और अमिताभ फिर से साथ नजर आएं। इस फिल्म में शुरुआत में रेखा को लीड रोल के लिए चुना गया था, लेकिन अमिताभ ने उनके साथ काम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह किरदार हेमा मालिनी को दे दिया गया। ‘सत्ते पे सत्ता’ 7 भाइयों की कहानी थी और यह साल 1982 की सातवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।

अमिताभ और रेखा ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं, जिनमें ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘सुहाग’, ‘खून पसीना’, ‘गंगा की सौगंध’, ‘राम बलराम’ और ‘नमक हराम’ जैसी क्लासिक्स शामिल हैं। हालांकि ‘सिलसिला’ के बाद दोनों का साथ कभी दोबारा बड़े पर्दे पर नहीं दिखा। रेखा और अमिताभ की जोड़ी अब भी बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती है, जिसकी कहानी आज भी लोगों की दिलचस्पी का विषय बनी हुई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!