कन्नौज में पति ने पत्नी के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर किए वायरल, पड़ोसियों और रिश्तेदारों तक पहुंचा वीडियो; महिला ने SP से न्याय की मांग की
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज इलाके में एक महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर रोते-बिलखते न्याय की गुहार लगाई कि उसके पति ने उसकी इज्जत तार-तार कर दी है। शादी के कुछ ही समय बाद पति ने उसकी अश्लील वीडियो बनाई और फिर उसे रिश्तेदारों और पड़ोसियों को वायरल कर दिया। इस घिनौनी हरकत से महिला मानसिक रूप से टूट चुकी है और वह आत्महत्या करने की भी धमकी दे चुकी है।
महिला ने बताया कि करीब चार साल पहले उसकी शादी तिर्वा के एक युवक से हुई थी, लेकिन शादी के बाद ही पति ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी और लगातार उसे प्रताड़ित किया। साथ ही उसने महिला के निजी वीडियो बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जब महिला को पता चला, तो उसने एसपी से शिकायत की।
पीड़िता की मां ने 22 अप्रैल को पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर महिला ने एसपी से सीधे संपर्क किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कोतवाली गुरसहायगंज पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच व कार्रवाई के आदेश दिए। प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले ने इलाके में लोगों में गहरी नाराजगी और चिंता पैदा कर दी है। पुलिस ने इस घृणित अपराध को लेकर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
Share this content:
