दो भयानक सड़क हादसों में 8 श्रद्धालुओं समेत 10 की मौत, जबलपुर में मचा हड़कंप
जबलपुर जिले में रविवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने 8 श्रद्धालुओं की जान ले ली, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा जबलपुर-कटनी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर खितौला थाना क्षेत्र के पहरेवा गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में आकर सामने से आ रही बस से टकरा गई। इस भीषण हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, और दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान कर्नाटक के बेलगावी जिले के गोकक कस्बे के रहने वाले श्रद्धालुओं के रूप में हुई, जो प्रयागराज से कुंभ स्नान कर अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में विरुपाक्षी गुमटी, बासवराज कुराती, बालचंद्र, राजू, इरणां और सुनील बालचंद्र शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों, सदाशिव और मुस्तफा को सीहोरा अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही जबलपुर के कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और क्रेनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया।
दूसरा हादसा अंधमुख बाईपास के पास हुआ, जहां सुल्तानपुर से महाकुंभ के लिए प्रयागराज जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में अश्वनी चौधरी और सौरभ सेन शामिल हैं, जबकि घायल महिला का इलाज जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है।
इन हादसों ने जबलपुर में हड़कंप मचा दिया और पुलिस प्रशासन राहत कार्य में जुट गया।
Share this content:
