April 17, 2026

सिहोरा में दर्दनाक हादसा: ट्रैवलर और ट्रक की टक्कर में 7 श्रद्धालुओं की मौत, घायलों की हालत गंभीर

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा सिहोरा के मोहला और बरगी गांव के बीच उस वक्त हुआ जब एक ट्रैवलर और सीमेंट से भरा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे और वे प्रयागराज महाकुंभ से लौटते वक्त इस हादसे का शिकार हो गए।

हादसा सिहोरा क्षेत्र में हुआ जब सीमेंट से लदा एक ट्रक मोहला पुल से गलत दिशा में आ रहा था और ट्रैवलर से टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रैवलर का पूरा हिस्सा चकनाचूर हो गया और गाड़ी में सवार सात श्रद्धालु मौके पर ही दम तोड़ गए। इस हादसे में एक और कार भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग और प्रत्यक्षदर्शी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। कुछ श्रद्धालु गाड़ी के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें जुटी रही।

घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत नाजुक है।

जबलपुर के एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हादसे का शिकार सभी श्रद्धालु आंध्र प्रदेश के निवासी थे और वे प्रयागराज महाकुंभ के बाद वापस लौट रहे थे। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम, जिसमें जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय शामिल हैं, मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रही है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोग खासे आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों के गलत दिशा में चलने के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस घटना के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अब इस हादसे के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की उम्मीद है कि ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!