April 19, 2026

GROUND REPORT ABS NEWS | लखनऊ: साइकिल से गिरने के बाद किशोर को पिकअप ने कुचला, ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

GROUND REPORT ABS NEWS | लखनऊ: के दुबग्गा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से जा रहे 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हंसखेड़ा चौकी क्षेत्र में 19 मंजिला भवन के पास साइकिल से जा रहे किशोर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सिलेंडरों से भरे पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान सूरज (15) के रूप में हुई है, जो पारा थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी, सदरौना का निवासी था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी छह बहनें हैं। उसके पिता छोटू विश्वकर्मा दिव्यांग हैं और परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां सुनीता विश्वकर्मा गृहणी हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूरज साइकिल से जा रहा था तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पोस्टमॉर्टम के बाद जब पुलिस शव को कांशीराम कॉलोनी लेकर पहुंची तो आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कॉलोनी में शव रखकर विरोध जताया और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब 15 मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!