ग्रीन होम बनाएं, खर्च घटाएं: बिजली-पानी के बिल में 30% तक की बचत, साथ में बेहतर जीवनशैली का वादा
देश में हर साल गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है और इसके साथ ही एसी की मांग भी गांवों से लेकर शहरों तक तेज़ी से बढ़ रही है। कई जगहों पर तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है, जिससे एसी चलाना लोगों की मजबूरी बनता जा रहा है। इसका सीधा असर बिजली के बिल पर पड़ता है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लोग पारंपरिक घरों के बजाय ग्रीन होम को अपनाएं, तो बिजली और पानी के खर्च में लगभग 30% तक की बचत की जा सकती है। ग्रीन होम सिर्फ ऊर्जा की खपत को नहीं घटाता, बल्कि एक स्वस्थ और टिकाऊ जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।
आज के घर खरीदार ऐसे विकल्प की तलाश में हैं जो न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस हों, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भी हों। ग्रीन होम इसी सोच की परिणति है, जो ऊर्जा, पानी और संसाधनों की बचत के साथ-साथ रहने वालों को बेहतर हवा, अधिक रोशनी और स्वास्थ्य के अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। ग्रीन होम में वर्षा जल संचयन, सौर ऊर्जा का प्रयोग, प्राकृतिक रोशनी और वेंटिलेशन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा इसमें पर्यावरण-अनुकूल सामग्री जैसे ‘हेम्पक्रीट’, फ्लाई ऐश ईंटें और लो-वोल्टेज फिटिंग्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे निर्माण की कार्बन फुटप्रिंट भी कम होती है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या ग्रीन होम बनाना बहुत महंगा है? इसका जवाब है– नहीं। अगर आप 1000 वर्ग फुट का 2बीएचके मकान बनाना चाहते हैं, तो सामान्य निर्माण लागत करीब 20 से 25 लाख रुपये तक आती है। वहीं ग्रीन होम के लिए यह लागत 25 से 30 लाख रुपये हो सकती है। यानी मात्र 5 लाख रुपये अधिक खर्च करके आप एक ऐसा घर बना सकते हैं जो आपको लंबे समय तक हर महीने बिजली और पानी की बचत करवाएगा और साथ ही पर्यावरण के प्रति आपकी जिम्मेदारी को भी दर्शाएगा।
देश की कई प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियां अब ग्रीन सर्टिफिकेशन जैसे IGBC (इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल), GRIHA (ग्रीन रेटिंग फॉर इंटिग्रेटेड हैबिटेट असेसमेंट) और EDGE (एक्सीलेंस इन डिज़ाइन फॉर ग्रेटर एफिशिएंसी) को अपनाकर अपने प्रोजेक्ट्स को पर्यावरण के अनुरूप बना रही हैं। इन प्रमाणपत्रों के जरिए न केवल घर की गुणवत्ता की पहचान होती है, बल्कि यह भी तय होता है कि उसमें ऊर्जा, पानी और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो रहा है या नहीं।
ग्रीन होम बनाना सिर्फ पर्यावरण को बचाने की दिशा में कदम नहीं है, बल्कि यह एक स्मार्ट निवेश भी है जो आने वाले समय में आपकी जेब पर पड़ने वाले खर्च को कम करता है और आपकी जीवनशैली को अधिक टिकाऊ और स्वास्थ्यपूर्ण बनाता है। यह समय है जब हम सिर्फ ईंट और सीमेंट से बने मकान नहीं, बल्कि सोच-समझ और जिम्मेदारी से तैयार घर बनाएं जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बन सके।
Share this content:
