दिल्ली में खौफनाक साजिश: शादी के बाद पति बना दुश्मन, फिर हुआ कत्ल!
दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने दूसरे पति की हत्या की साजिश रचकर उसे मौत के घाट उतरवा दिया।दरअसल, सरिता नाम की महिला के पहले पति की छह महीने पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद उसने सोनू नागर नाम के व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाया। सोनू, जो खुद भी आपराधिक प्रवृत्ति का था, शादी के बाद से ही सरिता की संपत्ति पर नजर रखने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। आखिरकार, तंग आकर सरिता ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने की ठान ली।
पहले गुमशुदगी, फिर कत्ल का खुलासा
सरिता ने चालाकी से गुलाबी बाग थाने में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि सोनू दो युवकों के साथ बाइक पर निकला था और फिर वापस नहीं आया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन इसी बीच 3 फरवरी को शक्ति नगर के पास एक अज्ञात शव मिला।
शुरुआत में लाश की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन जब पुलिस ने फिंगरप्रिंट जांच की तो 13 फरवरी को पता चला कि वह शव किसी और का नहीं, बल्कि सोनू नागर का ही था। जांच आगे बढ़ी तो खुलासा हुआ कि सोनू के खिलाफ पहले से ही 10 आपराधिक मामले दर्ज थे।
कॉल डिटेल्स से टूटा राज़ का ताला
पुलिस को शुरू से ही सोनू के परिवार पर शक था। इस शक को पुख्ता करने के लिए सरिता और उसकी मां मिथिलेश की कॉल डिटेल्स खंगाली गईं। जांच में सामने आया कि मां-बेटी की लगातार पंजाब के कुछ संदिग्ध नंबरों से बातचीत हो रही थी। यही नहीं, सरिता की मां के फोन से सबसे ज्यादा कॉल किए गए थे।
जब पुलिस ने गहराई से पूछताछ शुरू की, तो पूरा सच सामने आ गया।
डेढ़ लाख में पति की सुपारी!
पुलिस जांच में पता चला कि सरिता ने अपने पति की हत्या के लिए बग्गा सिंह नाम के शख्स को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। 3 फरवरी को बग्गा सिंह सरिता के घर पहुंचा और वहीं सोनू का गला घोंटकर उसे मार डाला। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने साथी के साथ मिलकर बाइक पर शक्ति नगर ले गया और वहां फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी बग्गा सिंह को मुक्तसर साहिब से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
अब इस सनसनीखेज हत्या के पीछे के सारे राज खुल चुके हैं, लेकिन यह मामला बताता है कि लालच और आपराधिक मानसिकता इंसान को कहां तक ले जा सकती है!
Share this content:
