तकनीकी खराबी से आगरा में रुका सीएम योगी का सफर, दिल्ली से बुलाया गया दूसरा प्लेन
आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चार्टर्ड प्लेन में उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिससे पायलट को तत्काल निर्णय लेते हुए प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह घटना होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
उड़ान के कुछ मिनट बाद महसूस हुई खराबी
शाम करीब 3:40 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चार्टर्ड प्लेन से आगरा से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही पायलट को विमान में तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। हालात को भांपते हुए उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस लाने का फैसला किया।
20 मिनट में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
महज 20 मिनट बाद, विमान को सुरक्षित रूप से खेरिया एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। प्रशासन को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री को विदा कर लौट चुके अफसर फिर से एयरपोर्ट की ओर दौड़े। सुरक्षा एजेंसियां भी तुरंत हरकत में आ गईं, और हवाई अड्डे पर पुख्ता इंतजाम किए गए।
दिल्ली से भेजा गया दूसरा प्लेन
तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाकर विमान की खराबी ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी के लिए दिल्ली से दूसरा चार्टर्ड प्लेन मंगाया गया, जो शाम 5:42 बजे आगरा पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लाउंज में इंतजार करते रहे।
पौने दो घंटे बाद लखनऊ रवाना हुए मुख्यमंत्री
करीब पौने दो घंटे के इंतजार के बाद सीएम योगी दिल्ली से आए दूसरे विमान से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस घटना से प्रशासन में हलचल मच गई और अधिकारियों ने पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी। अब इस मामले की जांच भी कराई जा रही है कि आखिर प्लेन में तकनीकी खराबी कैसे आई।
Share this content:
